Search
Close this search box.

कन्या एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय शिवपुर, बतौली में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कन्या एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय शिवपुर, बतौली में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

बतौली, 26 जनवरी 2026: कन्या एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, शिवपुर, विकासखंड बतौली में 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को तिरंगे झंडों, रंग-बिरंगे गुब्बारों एवं आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ। ध्वजारोहण के पश्चात सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी निष्ठा एवं समर्पण व्यक्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, जनजातीय नृत्य, नाटक एवं कविता पाठ की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, भारतीय संविधान के महत्व एवं राष्ट्रीय एकता का प्रेरणादायक संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले 51 विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही कक्षा दसवीं में पिछले वर्ष 100 प्रतिशत परिणाम देने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया। सीबीएसई बोर्ड कक्षा दसवीं में सर्वोच्च 86 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली कुमारी उषा को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में पूरे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले ट्राइबल डांस के आठ विद्यार्थियों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में अनेक गणमान्य अतिथि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अभिभावकगण एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संविधान की गरिमा, नागरिक कर्तव्यों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला एवं अनुशासन, परिश्रम तथा ईमानदारी से आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया।

अंत में विद्यालय के प्राचार्य महोदय ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। यह समारोह सभी उपस्थित जनों के लिए प्रेरणादायक, स्मरणीय एवं गौरवपूर्ण रहा।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें