मोंटफोर्ट स्कूल अंबिकापुर में सरगुजा पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
अंबिकापुर, सरगुजा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में सरगुजा पुलिस की साइबर सेल टीम द्वारा आज मोंटफोर्ट स्कूल अंबिकापुर में एक साइबर जागरूकता एवं विधिक सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बढ़ते साइबर अपराधों से विद्यार्थियों को जागरूक करना और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में लगभग 2000 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। साइबर सेल एक्सपर्ट प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फेक प्रोफाइल, हनीट्रैप, ओटीपी शेयरिंग, गेमिंग ऐप्स, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, महिला सुरक्षा एवं डेटा प्रोटेक्शन से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन अपराध की शिकायत 1930 हेल्पलाइन नंबर या www.cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से की जा सकती है।
इसके साथ ही उन्होंने संचार साथी पोर्टल एवं अभिव्यक्ति ऐप के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह प्लेटफॉर्म चोरी या गुम मोबाइल की शिकायत दर्ज करने तथा महिलाओं की सुरक्षा एवं त्वरित सहायता के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सचेत किया कि किसी भी अंजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, ओटीपी या कॉल पर भरोसा न करें और हमेशा अपने सोशल मीडिया खातों को सुरक्षित रखें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी भी दी गई और सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित किया गया। छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों को समझने में गहरी रुचि दिखाई।
इस अवसर पर मोंटफोर्ट स्कूल के प्राचार्य ब्रदर एस. गब्रीयल, शिक्षक नितिन कर्ष, प्रांजल सिन्हा, बरखा गोस्वामी, ममता तिवारी, संगीता पाण्डेय, सिस्टर निशा रानी एवं सिस्टर रीना सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे।
सरगुजा पुलिस द्वारा ऐसे साइबर जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखा जा सके और वे डिजिटल युग में सजग नागरिक बन सकें।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








