नवरात्रि महोत्सव में श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
बतौली/शांतिपारा, सरगुजा, 30 सितम्बर 2025।राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के किनारे बसे नगर बतौली और समीपवर्ती शांतिपारा क्षेत्र में इस वर्ष नवरात्रि पर्व की विशेष धूमधाम देखी जा रही है। सप्तमी से प्रारंभ हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन अष्टमी से लगातार जारी हैं, जिनमें हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन शामिल होकर आस्था एवं उत्साह प्रकट कर रहे हैं। शांतिपारा में पिछले 41 वर्षों से सरगुजा का सबसे बड़ा आयोजन होता आ रहा है, जिसमें लाखों की संख्या में महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग श्रद्धालु सम्मिलित होते हैं।
इस भव्य आयोजन के बीच एक गंभीर समस्या सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर लगाए गए सोलर पैनल एवं स्ट्रीट लाइटें रात के समय कार्य नहीं कर रही हैं, जिसके कारण श्रद्धालुओं और आम राहगीरों को अंधेरे में आवागमन करने में कठिनाई हो रही है। यह स्थिति खासकर पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं, महिलाओं और वृद्धजनों के लिए अत्यंत असुविधाजनक है तथा दुर्घटनाओं की संभावना को बढ़ा रही है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) एवं संबंधित ठेकेदारों की जिम्मेदारी है कि इन सोलर लाइटों का नियमित रखरखाव किया जाए, जिसमें सोलर पैनलों की सफाई, बैटरी की चार्जिंग क्षमता का परीक्षण, एलईडी लाइटों की स्थिति की जांच तथा तकनीकी खराबियों का शीघ्र निवारण शामिल है। किंतु वर्तमान स्थिति से स्पष्ट है कि रखरखाव एवं निरीक्षण की प्रक्रिया में लापरवाही बरती जा रही है।
क्या है मांगें नगरवासियों कि
1. संबंधित विभाग एवं ठेकेदार तत्काल प्रभाव से सौर प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करें।
2. नवरात्रि जैसे विशाल आयोजनों के दौरान विशेष निगरानी एवं तकनीकी दल तैनात किए जाएं।
3. श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु प्रकाश व्यवस्था की गारंटी सुनिश्चित की जाए।
श्रद्धा और आस्था के इस महापर्व में प्रशासन, ठेकेदारों और जिम्मेदार एजेंसियों से अपेक्षा की जाती है कि वे शीघ्र ठोस और प्रभावी कदम उठाकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित, प्रकाशमान एवं सुखद यात्रा का अनुभव प्रदान करें।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








