Search
Close this search box.

पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 81वीं जयंती एवं सद्भावना दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 81वीं जयंती एवं सद्भावना दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

अम्बिकापुर। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी जी की 81वीं जयंती एवं सद्भावना दिवस के अवसर पर आज जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए तथा सामूहिक रूप से सद्भावना दिवस की शपथ ली गई।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने कहा कि राजीव गांधी के पास यह साहस था कि उन्होंने स्वीकार किया कि जनता को भेजे गए 1 रुपये में मात्र 15 पैसे ही पहुँच रहे थे। इस व्यवस्था को समाप्त करने के लिए उन्होंने पंचायती राज और संचार क्रांति की नींव रखी, जिसके परिणामस्वरूप आज सरकारें सीधे लाभार्थियों के खातों में सहायता पहुँचा रही हैं।

पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि राजीव गांधी ने विश्व शांति और कौमी एकता को ध्यान में रखकर शासन किया, जो आज के नेतृत्व में लापता है। पीसीसी उपाध्यक्ष जे.पी. श्रीवास्तव ने कहा कि राजीव गांधी की दूरदृष्टि के कारण आज भारत सूचना और संचार क्षेत्र में अग्रणी है। पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था और वैज्ञानिक सोच को खतरे में डालने वाली वर्तमान सरकार के खिलाफ हमें सतर्क रहना होगा।

पीसीसी महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा ने कहा कि राजीव गांधी ने संविधान में 61वां संशोधन कर मतदान की आयु 18 वर्ष की, जिससे 5 करोड़ युवाओं को मतदान का अधिकार मिला।

कार्यक्रम का संचालन एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, रामविनय सिंह, जगन्नाथ कुशवाहा, मो. इस्लाम, सीमा सोनी, लक्ष्मी गुप्ता, अनूप मेहता सहित महिला कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के पदाधिकारी शामिल थे।

महिला कांग्रेस ने घुमंतु बच्चों को दी सौगात

राजीव गांधी जी की जयंती पर जिला महिला कांग्रेस द्वारा विशेष पहल की गई। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सीमा सोनी के नेतृत्व में टीम ने नई दिशा आश्रयस्थल पहुंचकर लगभग 100 घुमंतु बच्चों को विभिन्न सामग्री वितरित की। इनमें कंपास बॉक्स, फल, चॉकलेट आदि शामिल थे।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें