आदिवासी समाज के बड़े नेतृत्वकर्ता श्री लखन सिंह मरावी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की
अंबिकापुर, छत्तीसगढ़ | 30 जून 2025
आज जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन, सरगुजा में एक ऐतिहासिक अवसर पर आदिवासी समाज के प्रतिष्ठित नेतृत्वकर्ता श्री लखन सिंह मरावी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी एस सिंहदेव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं छत्तीसगढ़ की सहप्रभारी श्रीमती जरीता लैतफलांग उपस्थित थीं।
श्री लखन सिंह मरावी ने कांग्रेस पार्टी में शामिल होते हुए कहा, “कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो आदिवासी समाज के हित में काम करती है। मेरा उद्देश्य पूरे सरगुजा जिले के आदिवासी समाज को कांग्रेस के साथ जोड़ना है।” उन्होंने शपथ ली कि वे जिले भर में 5000 आदिवासी कार्यकर्ताओं को कांग्रेस से जोड़ेंगे।
श्री लखन सिंह मरावी एक सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता और अनुभवी नेता हैं। वे मार्च 2025 में शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए हैं। अपने सेवा काल में वे आदिवासी विकास परिषद के अध्यक्ष एवं अजाक्स संगठन के सचिव के रूप में सक्रिय रहे। इसके साथ ही, वे पूर्व सांसद स्वर्गीय मुरारीलाल सिंह और पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री प्रेमसाय सिंह के करीबी सहयोगी रहे हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रमुख रूप से सदस्यता लेने वालों में पुष्पेंद्र सिंह, करमा कुजूर, बालम लकड़ा, अजित तिग्गा, चमरू एक्का, सुंदर राम, दीपू यादव, संदीप तिर्की, चंद्रभान प्रधान, माधो राम नागेश, तेजराम गणेश, मड़वारी एक्का, सुशीला नागेश, असलम खान, रामपाल कुजूर सहित अन्य सैकड़ों लोग शामिल रहे।
श्री टी एस सिंहदेव ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा, “श्री लखन सिंह मरावी जैसे सम्मानित व्यक्तित्व का कांग्रेस परिवार में शामिल होना हमारे लिए गौरव की बात है। उनके नेतृत्व में आदिवासी समाज का विश्वास और जुड़ाव कांग्रेस पार्टी के साथ और मजबूत होगा।”
श्रीमती जरीता लैतफलांग ने भी इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आदिवासी समाज के अधिकारों और विकास के प्रति प्रतिबद्ध रही है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








