तेंदूपत्ता बोनस घोटाले में बड़ी कार्रवाई: ACB/EOW ने 4 वनकर्मी और 7 समिति प्रबंधकों को किया गिरफ्तार
रायपुर, 26 जून 2025:
राज्य में तेंदूपत्ता संग्राहकों को दी जाने वाली बोनस राशि में व्यापक अनियमितताओं के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 वन विभाग के कर्मचारियों और 7 समिति प्रबंधकों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को दंतेवाड़ा जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
तेंदूपत्ता बोनस घोटाले का मामला:
सुकमा वनमंडल के DFO अशोक कुमार पटेल सहित कई अन्य अधिकारियों और प्रबंधकों पर वर्ष 2021 और 2022 में तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए आवंटित 7 करोड़ रुपए से अधिक की बोनस राशि के फर्जीवाड़े का आरोप है। घोटाले में श्रमिकों को दी जाने वाली राशि में हेरफेर कर उसे अधिकारियों और प्रबंधकों के बीच बांट लिया गया।
जांच और कार्रवाई:
जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि सुकमा के कोंटा, किस्टाराम, और गोलापल्ली परिक्षेत्र में संग्राहकों को बोनस देने में बड़े पैमाने पर अनियमितता हुई। मृत व्यक्तियों और फर्जी नामों पर भी बोनस राशि उठाई गई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वन मंत्री केदार कश्यप ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए थे। EOW ने धारा 409 और 120बी भादवि के तहत मामला दर्ज कर, विस्तृत जांच के बाद चैतूराम बघेल, देवनाथ भारद्वाज, पोड़ियामी इड़िमा (हिडमा), मनीष कुमार बारसे सहित 4 वनकर्मी और 7 प्रबंधक—पायम सत्यनारायण उर्फ शत्रु, मो. शरीफ, सी.एच. रमना (चिदूरी), सुनील नुप्पो, रवि कुमार गुप्ता, आयतू कोरसा और मनोज कवासी को गिरफ्तार किया।
जिला पंचायत सदस्य का बयान:
जिला पंचायत सदस्य हुंगाराम मरकाम के अनुसार, संग्राहकों के लिए निर्धारित ₹6.54 करोड़ की राशि में से केवल आंशिक भुगतान किया गया। ₹3.62 करोड़ नकद वितरण के नाम पर उठाए गए, लेकिन संग्राहकों को वितरित नहीं किए गए।
सरकार की सख्त कार्रवाई:
जांच के बाद 11 समितियों के प्रबंधकों को उनके पदों से हटाया गया, संचालक मंडलों को भंग किया गया और सुकमा के वनमंडलाधिकारी को निलंबित कर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया।
यह कार्रवाई राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त नीति को दर्शाती है। तेंदूपत्ता संग्राहकों को उनका हक दिलाने के लिए सरकार द्वारा उठाए
गए कदम सराहनीय हैं।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








